क्षेत्रीय समाचार

शिक्षक दिवस पर पिंडर घाटी के उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

थराली, 5 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)।शिक्षक दिवस के अवसर पर पिंडर घाटी के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को सम्मानित किया गया। नंदानगर में आयोजित कार्यक्रम में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।

भारत के द्वितीय राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नंदानगर में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
विधायक टम्टा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज पर शिक्षकों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से शिक्षकों का सदैव सम्मान करने की अपील की।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी नंदानगर सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विधायक का स्वागत किया।
उधर, शिक्षक दिवस पर नारायणबगड़, कुलसारी, थराली, लोल्टी, तलवाड़ी, ग्वालदम, चेपड़ो और देवाल सहित पिंडर घाटी के विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ ही डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!