Front Page

देहरादून से भी शुरू होगी जीएमओयू की नई बस सेवा

लेकिन रिखणीखाल को जगह नहीं, क्षेत्रवासियों में नाराजगी

देहरादून/रिखणीखाल, 5 सितम्बर (प्रभुपाल रावत)। गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) लिमिटेड की ओर से देहरादून से पर्वतीय क्षेत्रों के लिए 11 सितम्बर से शुरू की जा रही नई बस सेवाओं में रिखणीखाल क्षेत्र को शामिल नहीं किए जाने से क्षेत्रवासियों और देहरादून में रह रहे प्रवासियों में नाराजगी है। उन्होंने देहरादून से रिखणीखाल वाया रथुवाढाब-गाडियों पुल सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीएमओयू की ओर से पहले चरण में देहरादून के भुड्डी गांव चौक से 11 बसों का संचालन प्रस्तावित है। ये बसें जोशीमठ, गोपेश्वर, ऊखीमठ, नागनाथ पोखरी, तिरपालीसैण, बीरोंखाल और धुमाकोट सहित विभिन्न पर्वतीय मार्गों पर चलेंगी। रिखणीखाल क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नई सेवाओं में रिखणीखाल-रथुवाढाब-गाडियों पुल मार्ग को शामिल नहीं किया गया है, जबकि इस क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग देहरादून में रहते हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार रिखणीखाल क्षेत्र के करीब 800 से 900 परिवार देहरादून और आसपास के इलाकों में निवास करते हैं। इनमें बड़ी संख्या पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों से जुड़े परिवारों की है। देहरादून में इन प्रवासियों की पंजीकृत समिति भी कार्यरत है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्तमान में देहरादून से रिखणीखाल वाया रथुवाढाब-गाडियों पुल के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की कोई सीधी बस सेवा नहीं है। कोटद्वार से भी इस मार्ग पर परिवहन निगम की बस संचालित नहीं होती। जीएमओयू की ओर से कोटद्वार से रिखणीखाल क्षेत्र के लिए सीमित बस सेवाएं उपलब्ध हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक इनके संचालन में भी विशेषकर यात्रा सीजन के दौरान नियमितता की समस्या बनी रहती है।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले रिखणीखाल क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और देहरादून में रहने वाले प्रवासी परिवारों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है।
देहरादून में रह रहे रिखणीखाल क्षेत्र के प्रवासियों ने जीएमओयू प्रबंधन से मांग की है कि भुड्डी गांव चौक से वाया रथुवाढाब-गाडियों पुल रिखणीखाल तक कम से कम एक नियमित सीधी बस सेवा शुरू की जाए। उनका कहना है कि इससे रिखणीखाल और आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोगों को देहरादून आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!