क्षेत्रीय समाचार

सुदूर रतगांव की दिव्या का बीएचयू में चयन, क्षेत्र में खुशी

थराली, 8 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड थराली के सुदूरवर्ती रतगांव की छात्रा कुमारी दिव्या बिष्ट का हिंदी ऑनर्स में अध्ययन के लिए देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शामिल बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में चयन हुआ है। दिव्या की इस उपलब्धि से रतगांव सहित पूरे सोल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रतगांव निवासी राम सिंह बिष्ट की पुत्री दिव्या का गत दिवस बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में हिंदी ऑनर्स पाठ्यक्रम के लिए चयन हुआ। सुदूरवर्ती पर्वतीय क्षेत्र की छात्रा की इस सफलता को क्षेत्र के लोग महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।
दिव्या शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। कक्षा नौ में उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, पीपलकोटी में हुआ था। वहां से अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने इस वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन किया और निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया में सफलता हासिल कर हिंदी ऑनर्स में स्थान प्राप्त किया।
दिव्या की सफलता की खबर मिलने के बाद रतगांव सहित आसपास के गांवों में प्रसन्नता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सीमित संसाधनों और भौगोलिक कठिनाइयों वाले दूरस्थ गांव से निकलकर देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में प्रवेश हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
दिव्या के चयन पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, रतगांव की ग्राम प्रधान दीपा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य बालकिशोर, जिला पंचायत सदस्य हरीश सोनियल, सोल विकास समिति के अध्यक्ष चरण सिंह रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य भानु प्रकाश फर्स्वाण, मोहन सिंह बिष्ट, मानवेंद्र दानू, मदन बिष्ट और प्रियंका सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिव्या आगे भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर नई उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!