क्षेत्रीय समाचार

भारी बारिश से गौचर में घर-दुकानों में घुसा मलबा, सड़कें बाधित

गौचर, 12 सितम्बर (गुसाईं)। क्षेत्र में बीती रात हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। पनाई नगर पालिका क्षेत्र में पनाई शिवालय के साथ ही कुलदीप सिंह के परिसर, मुख्य बाजार की कई दुकानों और डाटपुल क्षेत्र के कुछ घरों में पानी और मलबा घुस गया। अचानक पानी बढ़ने से प्रभावित परिवारों को रातभर जागकर सामान सुरक्षित करना पड़ा। बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
दिनभर चटक धूप रहने के कारण लोगों को देर रात मौसम के अचानक करवट लेने का अंदाजा नहीं था। रात में मौसम का मिजाज बिगड़ा और तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। लगातार बारिश के कारण नालियों और जल निकासी वाले स्थानों पर पानी का दबाव बढ़ गया। कई स्थानों पर पानी के साथ मलबा आबादी और बाजार क्षेत्र तक पहुंच गया।
पनाई शिवालय में मलबा घुसने की सूचना मिलने पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान, अवर अभियंता राजीव चौहान और कर निरीक्षक रोशन पुंडीर ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद लोक निर्माण विभाग की जेसीबी और पालिका के स्वच्छता मित्रों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कराया।
बारिश का असर ग्रामीण संपर्क मार्गों पर भी पड़ा है। गौचर-कांडा-सिंदरवाणी मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गड्ढों में तब्दील ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे, राहगीर परेशान

गौचर, 12 सितम्बर (गुसाईं)। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गौचर क्षेत्र में सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। व्यापार संघ ने सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए इसकी शीघ्र मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को पत्र सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएचआईडीसीएल की ओर से कराए गए निर्माण की गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण डामरीकरण के कुछ समय बाद ही कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भरने से समस्या और गंभीर हो रही है।
व्यापार संघ का कहना है कि मुख्य बाजार से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव के कारण पैदल चलने वालों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क से वाहनों के गुजरने पर कीचड़ और गंदा पानी आसपास से गुजर रहे लोगों तथा स्कूली बच्चों पर उछल रहा है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी से बाजार क्षेत्र में सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!