क्षेत्रीय समाचार

नेटवर्क की बाधा से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करना भी मुश्किल

दुर्गम क्षेत्रों के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी करने की मांग

रिखणीखाल, 15 सितम्बर (प्रभुपाल)। पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम गांवों में कमजोर अथवा बाधित मोबाइल नेटवर्क के कारण लोगों को सीएम हेल्पलाइन 1905 पर शिकायत दर्ज कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संचार सुविधा से वंचित क्षेत्रों के लिए व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों के अनेक गांवों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण सीएम हेल्पलाइन पर बातचीत पूरी नहीं हो पाती। कई बार फोन मिलने में लंबा समय लग जाता है और संपर्क होने के बाद बीच में ही नेटवर्क कट जाता है। इससे शिकायत का पूरा विवरण दर्ज नहीं हो पाता या शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया अधूरी रह जाती है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि हेल्पलाइन पर दर्ज कुछ शिकायतों के निस्तारण में काफी समय लगता है। कई मामलों में शिकायत लंबित रहने अथवा बिना संतोषजनक समाधान के बंद हो जाने की शिकायतें भी सामने आती हैं। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए हेल्पलाइन का अपेक्षित लाभ मिलना कठिन हो रहा है।
ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि कमजोर अथवा संचार विहीन नेटवर्क वाले पर्वतीय क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए सीएम हेल्पलाइन के लिए एक अधिकृत व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया जाए। इस पर लोग अपनी शिकायत लिखित रूप में भेज सकें और आवश्यकता पड़ने पर उससे संबंधित फोटो या दस्तावेज भी उपलब्ध करा सकें। शिकायत दर्ज होने और उसके निस्तारण की जानकारी भी इसी माध्यम से शिकायतकर्ता तक पहुंचाई जा सके।
लोगों का कहना है कि ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था से दुर्गम क्षेत्रों के ग्रामीणों को बार-बार फोन मिलाने की परेशानी से राहत मिलेगी और उनकी शिकायतें भी स्पष्ट एवं पूर्ण रूप से दर्ज हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!