Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

चारधाम में 50.56 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 

यमुनोत्री में बनेगा दूसरा घोड़ा पड़ाव, केदारनाथ के ग्लेशियर क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश

देहरादून, 15 सितम्बर। चारधाम यात्रा-2026 में अब तक 50.56 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि 66.07 लाख यात्रियों का पंजीकरण हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मौसम, भूस्खलन और बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि 14 सितम्बर शाम सात बजे तक 50,56,160 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री में 7,08,407, गंगोत्री में 7,89,773, केदारनाथ में 14,98,544, बदरीनाथ में 17,36,619 और हेमकुंड साहिब में 3,22,817 श्रद्धालु शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री में भीड़ नियंत्रण के लिए धाम से करीब 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने और खरसाली से वैकल्पिक मार्ग पर कार्रवाई के निर्देश दिए। केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

उन्होंने यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण और गंगोत्री मार्ग को गड्ढामुक्त करने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग अवरुद्ध होने पर उसे तत्काल खोलने के लिए मशीनें तैयार रखने को कहा।

चारों धामों में ठंड को देखते हुए अलाव, स्वास्थ्य सुविधाएं, ऑक्सीजन और आपात चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मोबाइल नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों में वैकल्पिक आपात संचार व्यवस्था करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं के टिकट निर्धारित दरों पर ही बेचने और अधिक वसूली अथवा अनधिकृत टिकट बिक्री पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!