Front Page

दिव्यांग बच्चों संग धामी ने मनाया जन्मदिन

 

बच्चों के साथ काटा केक, कहा—उनके बीच बिताया समय देता है नई ऊर्जा और प्रेरणा


देहरादून, 16 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर वहां अध्ययनरत बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों के साथ केक काटा, उनसे बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित नजर आए। धामी ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात करते हुए उनकी पढ़ाई और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं, जिन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसमें समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बच्चों से कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके लिए जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!