क्षेत्रीय समाचार

नंदा की विदाई के साथ लोहाजंग महोत्सव संपन्न

लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा दो दिवसीय आयोजन, विधायक टम्टा ने दिए एक लाख रुपये

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 16 सितम्बर। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल लोहाजंग में आयोजित दो दिवसीय जय मां नंदा देवी महोत्सव एवं सांस्कृतिक संरक्षण विकास मेले का बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बधाण की नंदा देवी की डोली की विदाई के साथ समापन हो गया। महोत्सव में लोक कलाकारों और गायकों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
महोत्सव के समापन समारोह का थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, दर्जाधारी राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल और सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने दीप प्रज्वलित एवं रिबन काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक टम्टा ने लोहाजंग जैसे रमणीक पर्यटक स्थल पर नंदा देवी यात्रा के दौरान आयोजित होने वाले मेले की सराहना करते हुए इसके विकास के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने भविष्य में भी मेले के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
दर्जाधारी राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल ने कहा कि सांस्कृतिक मेलों के माध्यम से लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है। जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मेले पौराणिक परंपराओं और लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अति विशिष्ट अतिथि नगर पालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह ने भी आयोजन की सराहना की।
इससे पहले मंगलवार देर शाम मेले का शुभारंभ देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, क्षेत्र पंचायत सदस्य पारी देवी, भाजपा नेता जितेंद्र बिष्ट और संदीप बिष्ट सहित अन्य अतिथियों ने किया था।
समापन अवसर पर सवाड़ की ग्राम प्रधान आशा धपोला, डॉ. हरपाल नेगी, मुख्यमंत्री समन्वयक दलवीर दानू, देवेंद्र नेगी देवा और कांग्रेस प्रदेश सचिव संदीप पटवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेला समिति अध्यक्ष लक्ष्मण राणा, बॉबी दानू, संजय राणा, पंकज राणा, चंदू बिष्ट, प्रदीप कुनियाल, त्रिलोक सिंह राणा, दर्शन दानू, एडीओ राजेंद्र सिंह विमोली, कुलिंग के पूर्व प्रधान भुवन बिष्ट और पूर्व प्रधान हरनी गंगा सिंह सुयाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले के आयोजन और उसके उद्देश्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा, भाजपा मंडल महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, भाजपा नेता मोहन बहुगुणा, सुरेंद्र बिष्ट, बलाण के क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप दानू, ठेकेदार संघ के कोषाध्यक्ष किशोर घुनियाल, देवाल के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी, पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट और राज्य के प्रसिद्ध धावक कलम सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मंच संचालन बॉबी दानू ने किया।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। धारी देवी सांस्कृतिक कला मंच श्रीनगर के कलाकारों ने लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोक गायक देवराज आगरी, अमन राज, जगदंबा भरतवाण तथा गायिका मंजू नौटियाल और मोनिका सहित अन्य कलाकारों ने लोकगीतों की प्रस्तुतियों से समां बांधा। नंदा देवी की डोली की विदाई के साथ दो दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!