क्षेत्रीय समाचारधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

रंगारंग कार्यक्रमों के साथ देवराड़ी मेला संपन्न, देवल मंदिर सौंदर्यीकरण का शिलान्यास

गौचर, 20 सितम्बर (गुसाईं)। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ रानीगढ़ क्षेत्र के देवल में आयोजित तीन दिवसीय देवराड़ी देवी मेले का रविवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 98.28 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित देवल मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
देवल में 18 सितम्बर से शुरू हुए तीन दिवसीय मेले के दौरान क्षेत्र की महिला मंगल दलों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक अनिल नौटियाल ने देवल मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि माठा-धनपुर मोटर मार्ग का निर्माण भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा। खरसाई मोटर मार्ग के डामरीकरण की स्वीकृति मिल चुकी है और अक्टूबर तक कार्य शुरू कराया जाएगा।
विधायक ने सकंड मोटर मार्ग का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर कर मार्ग निर्माण कराया जाएगा।
मेला समिति की अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, महिला मंगल दलों और अन्य लोगों का आभार जताया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान दुवा महाबीर रावत, विक्रम बिष्ट, शिवानी चौधरी, पंकज देवली, उत्तम सिंह चौधरी, सुषमा देवी, यशवंत बिष्ट, राकेश सिंह, भागवत मैठाणी, राखी देवी, पदमा देवी, रमेश बिष्ट, सुदामा बिष्ट, प्रियंका देवी, चंदा देवी, पंकज कंडारी, राकेश राणा, अनिल नेगी, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट और नगर अध्यक्ष सरोजिनी भंडारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नितेश चौधरी और पुष्कर चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!