मुख्यमंत्री धामी ने सुनी लोगों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण पर जोर

देहरादून, 21 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रीय और व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े मामले सामने आए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला अथवा विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर तक नहीं पहुंचना चाहिए। अधिकारी अपने स्तर पर जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें। आम लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। शासन और प्रशासन के प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और नियमानुसार शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि समाधान केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक रूप से राहत मिलनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा रहा है। इनके माध्यम से शासन-प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से शुरू ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री से थाईलैंड के पटाया में आयोजित ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ के पदक विजेता उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुलाकात की। प्रतियोगिता में मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक तथा मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीता। मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
