बड़ीजात यात्रा सुतोल पहुंची, रातभर होगा देवी जागरण
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/नंदानगर। नंदा देवी लोकजात यात्रा-2026 होमकुंड में बड़ीजात यानी श्री नंदा देवी भगवती की विशेष पूजा संपन्न करने के बाद वापसी के दूसरे पड़ाव नंदानगर (घाट) के सुतोल गांव पहुंच गई है। यहां यात्रा का रात्रि प्रवास होगा और पूरी रात देवी जागरण किया जाएगा। उधर, बधाण की राजराजेश्वरी नंदा देवी की उत्सव डोली वापसी यात्रा के चौथे पड़ाव बेराधार पहुंच गई है।
हिमपर्वत शृंखलाओं की तलहटी में पंचगंगा क्षेत्र स्थित होमकुंड में बड़ीजात की पूजा-अर्चना और यात्रा के साथ चल रहे चौसिंगा खाडुओं को कैलाश विदाई देने के बाद यात्रा रविवार को 17वें तथा चौथे निर्जन पड़ाव जामुन डाली पहुंची थी। सोमवार को जामुन डाली में पूजा-अर्चना के बाद नंदा देवी के जयकारों के बीच यात्रा दशोली, बंड और ज्वाल्पा की नंदा देवी की डोलियों एवं छंतोलियों के साथ 18वें पड़ाव सुतोल गांव के लिए रवाना हुई।
घने जंगलों और दुर्गम रास्तों को पार करते हुए यात्रा तातड़ पहुंची, जहां ध्योंसिंह देवता की पूजा-अर्चना की गई। कुछ देर विश्राम के बाद यात्रा सुतोल की ओर आगे बढ़ी। सुतोल पहुंचने पर ग्रामीणों ने देव डोलियों और यात्रियों का भव्य स्वागत किया। यहां रात्रि प्रवास के दौरान देवी जागरण और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
होमकुंड में बड़ीजात संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घरों की ओर भी लौटने लगे हैं। कई यात्री नंदानगर और इससे आगे पहुंचने के प्रयास में हैं। करीब 250 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करने के बावजूद यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। मंगलवार को यात्रा 19वें पड़ाव के लिए रवाना होगी और विभिन्न गांवों से होते हुए फरखेत पहुंचेगी, जहां देव डोलियों और यात्रियों का रात्रि प्रवास होगा।
उधर, बधाण की श्री नंदा देवी राजराजेश्वरी की उत्सव डोली नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा-थराली वापसी के क्रम में तीसरे पड़ाव उलंग्रा गांव से विदा होकर हाट कल्याणी, इच्छोली और अठ्ठू गांव होते हुए चौथे पड़ाव बेराधार पहुंची। रास्ते में विभिन्न गांवों में श्रद्धालुओं ने देव डोली का भव्य स्वागत और पूजा-अर्चना की।
मंगलवार को राजराजेश्वरी की उत्सव डोली बेराधार से रवाना होकर सिरमथल और टुंड्री गांव होते हुए थराली विकासखंड के गोठिंड़ा गांव पहुंचेगी।
