Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़, दर्शनार्थियों का आंकड़ा 19 लाख के पार

 

पितृ पक्ष में ब्रह्मकपाल पर डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने किया पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठान

बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 9 अक्टूबर (कपरूवाण)। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पितृ पक्ष के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रह्मकपाल पहुंचकर अपने पितरों की आत्मशांति और मोक्ष की कामना से पिंडदान एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। पितृ पक्ष के दौरान अब तक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं।
इस वर्ष कपाट खुलने के बाद से भगवान बदरीविशाल के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 19 लाख के पार पहुंच गई है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस ने धाम और यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात तथा भीड़ प्रबंधन की निगरानी बढ़ा दी है। विशेष रूप से ब्रह्मकपाल, मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। वह अब तक तीन बार बदरीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट भी नियमित रूप से धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यात्रा मार्ग और पार्किंग स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि यातायात बाधित न हो और दर्शनार्थियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

चमोली पुलिस का कहना है कि उसकी प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे सुगमतापूर्वक भगवान बदरीविशाल के दर्शन करने के साथ ही ब्रह्मकपाल में पिंडदान एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!