क्षेत्रीय समाचार

गढ़वाली साहित्यकार मुरली दीवान को विशिष्ट व्यक्तित्व सम्मान

 

गौचर, 9 अक्टूबर (गुसाईं)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर ने सुप्रसिद्ध गढ़वाली व्यंग्यकार एवं हास्य कवि मुरली दीवान को विशिष्ट व्यक्तित्व सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर दीवान ने अपनी लोकप्रिय रचनाओं का पाठ कर गढ़वाली साहित्य, लोकजीवन और सांस्कृतिक परंपराओं के विविध पहलुओं से शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं को परिचित कराया।
डायट गौचर की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित करने तथा उनके अनुभवों से शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं को लाभान्वित करने के उद्देश्य से विशिष्ट व्यक्तित्व सम्मान समारोह एवं व्याख्यानमाला का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में मुरली दीवान सम्मानित होने वाले तीसरे विशिष्ट व्यक्तित्व हैं। इससे पूर्व पर्यावरणविद् पद्मश्री कल्याण सिंह रावत और प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल को यह सम्मान प्रदान किया जा चुका है।
अभिमुखीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित समारोह में मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं डायट के प्राचार्य आकाश सारस्वत ने मुरली दीवान को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने गढ़वाली भाषा, साहित्य और लोक संस्कृति के संरक्षण में दीवान के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी साहित्यिक साधना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!