गैरसैंण में ही हो कार्यमंत्रणा समिति की बैठक, विधानसभा सत्र की अवधि बढ़े : प्रीतम सिंह
देहरादून, 21 अक्टूबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में 27 और 28 अक्टूबर को प्रस्तावित विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने तथा विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक देहरादून के बजाय गैरसैंण में आयोजित करने की मांग की है।
विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति के सदस्य प्रीतम सिंह ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि सरकार ने विधानसभा सत्र गैरसैंण में आयोजित करने का निर्णय लिया है, लेकिन उसकी कार्यसूची निर्धारित करने वाली समिति की बैठक 24 अक्टूबर को देहरादून में बुलाई गई है। उन्होंने इस व्यवस्था के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्र से संबंधित बैठक भी गैरसैंण में होनी चाहिए।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित करने का श्रेय तो लेती है, लेकिन वहां नियमित विधानसभा सत्र आयोजित करने और राजधानी के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाती। उन्होंने आशंका जताई कि गैरसैंण में विधानसभा सत्र का आयोजन महज औपचारिकता बनकर रह सकता है।
उन्होंने दो दिवसीय सत्र को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, पलायन और आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा आवश्यक है।
प्रीतम सिंह ने राज्य सरकार और विधानसभा अध्यक्ष से कार्यमंत्रणा समिति की प्रस्तावित बैठक गैरसैंण में आयोजित करने तथा सत्र की अवधि बढ़ाने पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया, ताकि जनप्रतिनिधियों को जनहित के मुद्दे उठाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

