राइका सवाड़ में छात्र-छात्राओं को दी बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी
थराली, 21 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के राजकीय इंटर कॉलेज सवाड़ में बाल कल्याण समिति, गोपेश्वर की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण कानूनों, उनके अधिकारों तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति चमोली के अध्यक्ष सुरेश कुनियाल ने कहा कि बच्चों के समुचित विकास, सुरक्षा और संरक्षण के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। बच्चों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने बाल उत्पीड़न के मामलों में कानूनी कार्रवाई और सजा के प्रावधानों की जानकारी देते हुए भ्रूण हत्या, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 तथा बाल श्रम निषेध संबंधी कानूनों पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) के अध्यक्ष नंदन सिंह धपोला, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट तथा पूर्व पीटीए अध्यक्ष सोबन सिंह खत्री ने बच्चों के कानूनी अधिकारों और उनके संरक्षण में अभिभावकों तथा शिक्षकों की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र राम आर्य, शिक्षक मनोज कुमार, रेखा देवी तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरा लीगल वालंटियर संपत्ति देवी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों और यौन शोषण से बचाव के उपायों की जानकारी दी। वक्ताओं ने बच्चों को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन कैलाश देवराड़ी ने किया। इस अवसर पर शिक्षक दीवान सिंह, नंदकिशोर मिश्रा, कुमारी श्वेता, प्रदीप सिंह, रघुवीर सिंह, योगेश कुमार, लता कुनियाल, प्रकाश सिंह गड़िया और नितिन कुमार सहित अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए।
शिविर के अंत में विद्यालय की कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क गणवेश वितरित किए गए।


