गौचर प्रेस क्लब के कार्यालय का शुभारंभ, पदाधिकारियों ने ली शपथ
पालिकाध्यक्ष ने प्रेस क्लब के भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग का दिया आश्वासन
गौचर, 21 अक्टूबर। चमोली जिले के गौचर में नवपंजीकृत प्रेस क्लब के कार्यालय का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने क्लब के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने प्रेस क्लब के स्थायी भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।
गौचर में लगभग एक वर्ष पूर्व प्रेस क्लब का गठन किया गया था, जिसका अब विधिवत पंजीकरण हो चुका है। क्लब के कार्यालय के लिए नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने एक कक्ष उपलब्ध कराया है। बुधवार को उन्होंने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद नगर पालिका सभागार में प्रेस क्लब के संरक्षक चंद्रवीर गायत्री की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि उनके कार्यकाल में गौचर प्रेस क्लब का गठन और पंजीकरण होना प्रसन्नता की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में प्रेस क्लब के स्थायी भवन के निर्माण के लिए प्रशासन के सहयोग से भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने पत्रकारों को शासन और प्रशासन की आंख-कान बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों के सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।
पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी ने पत्रकारों को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि प्रेस क्लब के गठन से गौचर की पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के अध्यक्ष बीरपाल नेगी तथा लोक कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने भी प्रेस क्लब के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि गौचर प्रेस क्लब के सदस्य पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से स्थानीय समस्याओं और जनहित के विषयों को व्यापक स्तर पर उठाया जा सकता है।
प्रेस क्लब के मुख्य सलाहकार एवं वरिष्ठ पत्रकार दिग्पाल गुसाईं ने कहा कि पत्रकारों की पहचान उनके पद से नहीं, बल्कि उनके कार्य, व्यवहार और विश्वसनीयता से बनती है। उन्होंने पत्रकारों से मधुर व्यवहार, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्लब के संरक्षक चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि गौचर प्रेस क्लब को देहरादून प्रेस क्लब से संबद्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यहां के पत्रकारों को भी बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल सकें।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार एलपी लखेड़ा और दिग्पाल गुसाईं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीडी न्यूज के पत्रकार भानु प्रकाश नेगी ने किया, जबकि प्रेस क्लब के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, पूर्व कर्मचारी संगठन अध्यक्ष राजेंद्र मैखुरी, राष्ट्रपति से सम्मानित सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह नेगी, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला प्रभारी महावीर रावत, दशोली ब्लॉक प्रभारी सुरेंद्र सिंह गढ़िया, समाजसेवी गजेंद्र नयाल, मदन मैखुरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

