क्षेत्रीय समाचार

कृषि विज्ञान केंद्र ग्वालदम में सब्जियों की पौध बिक्री के लिए उपलब्ध

 


थराली, 22 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। चमोली जिले के किसानों को सब्जी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र ग्वालदम ने विभिन्न प्रजातियों की सब्जियों की पौध तैयार कर बिक्री के लिए उपलब्ध करा दी है। किसान केंद्र से संपर्क कर वैज्ञानिक विधि से तैयार इन पौधों को प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र ग्वालदम के प्रभारी डॉ. अभिषेक बहुगुणा ने बताया कि केंद्र के वैज्ञानिकों ने प्याज, पत्तागोभी, फूलगोभी और ब्रोकली की उन्नत पौध तैयार की है। उन्होंने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध कराने का उद्देश्य सब्जियों का उत्पादन बढ़ाने के साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। वैज्ञानिक विधि से तैयार पौध का उपयोग कर किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ. बहुगुणा ने बताया कि इच्छुक किसान कृषि विज्ञान केंद्र ग्वालदम से संपर्क कर अपनी आवश्यकता के अनुसार पौध प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि चमोली जिले की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां विभिन्न प्रकार की सब्जियों के उत्पादन के लिए अनुकूल हैं। यदि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक सलाह का उपयोग करें तो जिले में सब्जी उत्पादन की अपार संभावनाओं का लाभ उठाया जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से उत्साही एवं प्रगतिशील किसानों से व्यावसायिक सब्जी उत्पादन की दिशा में आगे आने का आह्वान किया। डॉ. बहुगुणा ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को सब्जी उत्पादन, बागवानी और आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में वैज्ञानिक मार्गदर्शन एवं आवश्यक सलाह देने के लिए हमेशा तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!