Front Page

बदरीनाथ धाम पहुंचे राज्यपाल, भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर की पूजा-अर्चना

 

देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण का किया आह्वान

बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 24 अक्टूबर ( गुसाईं /कपरूवान )। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं से देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत और विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन करना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना चाहिए।

राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने, स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी भानुमति बिसेन, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, एडीसी जितेंद्र चौधरी, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय और अलकेश नौड़ियाल, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य मोनू पंचभैया, समिति के प्रभारी अधिकारी (प्रोटोकॉल) राकेश सेमवाल, वेदपाठी रविंद्र भट्ट, वाणीविलास डिमरी, जगमोहन बर्त्वाल और संदीप कपरुवाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!