क्षेत्रीय समाचार

थराली-वाण राजमार्ग पर हॉटमिक्स कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

देवाल बाजार में जल निकासी, सुरक्षा दीवारों और सीलन वाले स्थानों पर टाइल लगाने की मांग

थराली, 25 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। नंदादेवी राजजात यात्रा मार्ग थराली-देवाल-वाण राज्य राजमार्ग संख्या 90 पर चल रहे हॉटमिक्स कार्य की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा से वार्ता की। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही जल निकासी और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।

इन दिनों थराली-वाण राज्य राजमार्ग पर हॉटमिक्स का कार्य चल रहा है। इसके तहत देवाल बाजार क्षेत्र में भी सड़क का डामरीकरण किया जा रहा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण करने देवाल पहुंचे लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा से ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया।

ब्लॉक प्रमुख ने देवाल बाजार क्षेत्र में हॉटमिक्स कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, सड़क के किनारे जल निकासी के लिए व्यवस्थित नालियों का निर्माण करने तथा सीलन वाले स्थानों पर लॉकिंग टाइल लगाने की मांग की। उन्होंने सड़क के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा दीवारों और ब्रेस्ट वॉल का निर्माण कराए जाने की आवश्यकता भी जताई।

वार्ता के दौरान अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने ब्लॉक प्रमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप संपन्न कराए जाएंगे। इस अवसर पर भाजपा आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक नरेन्द्र बिष्ट और श्याम मिश्रा सहित अन्य लोगों ने भी सड़क सुधार एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!