राजनीति

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की रणनीति पर कांग्रेस आलाकमान का मंथन

 

खड़गे और राहुल गांधी ने दिए संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश

नई दिल्ली, 2 नवंबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया। नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और राज्य के प्रमुख राजनीतिक मुद्दों पर मंथन किया।

बैठक में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत तथा प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव शामिल हुए।

बैठक की जानकारी देते हुए उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई।

दसौनी के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने प्रदेश के नेताओं को संगठनात्मक एकजुटता, आपसी समन्वय और सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव और दिशा-निर्देश दिए। बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से कैसे उठाया जाए और पार्टी की नीतियों तथा कार्यक्रमों को जन-जन तक कैसे पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी तैयारियों को गंभीरता से ले रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को अधिक सक्रिय, अनुशासित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी का प्रयास है कि वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए।

मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड की जनता की अपेक्षाओं और जनसरोकारों को अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान देगी। पार्टी प्रदेश की समस्याओं को मजबूती से उठाने के साथ ही संगठनात्मक एकजुटता और सामूहिक प्रयासों के आधार पर विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देगी।

राजनीतिक दृष्टि से कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और उत्तराखंड के प्रमुख नेताओं की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश संगठन, चुनाव संचालन और चुनाव प्रबंधन से जुड़े प्रमुख नेताओं का एक साथ राष्ट्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श करना पार्टी की चुनावी तैयारियों में समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। हालांकि, बैठक में लिए गए किसी विशिष्ट चुनावी निर्णय अथवा उम्मीदवारों के चयन संबंधी चर्चा का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!