क्षेत्रीय समाचार

बाल विवाह, नशाखोरी और घरेलू हिंसा के खिलाफ सामाजिक जागरूकता जरूरी : जिला जज

 

 

थराली, 2 नवंबर (हरेंद्र बिष्ट)। चमोली के जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विध्यांचल सिंह ने बाल विवाह, नशाखोरी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए इनके उन्मूलन के लिए व्यापक जनजागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केवल कानून के बल पर इन कुरीतियों को समाप्त नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर आगे आना होगा।

विकासखंड देवाल के वाण गांव में रविवार को आयोजित विधिक सेवा शिविर का उद्घाटन करते हुए जिला जज विध्यांचल सिंह ने कहा कि समाज में तेजी से बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, बाल विवाह और घरेलू हिंसा जैसी बुराइयां सामाजिक विकास में बड़ी बाधा हैं। इनका पूरी तरह उन्मूलन तभी संभव है, जब समाज स्वयं इनके विरुद्ध एकजुट होकर अभियान चलाए। महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कानून ने महिलाओं को अनेक अधिकार प्रदान किए हैं। महिलाओं को इन अधिकारों के प्रति जागरूक होकर अपने सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोपेश्वर के सचिव पुनीत कुमार तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट थराली देवांश राठौर ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न कानूनी प्रावधानों तथा जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में भी जागरूक किया।

वाण की ग्राम प्रधान नंदुली देवी ने बताया कि गांव में नशाबंदी लागू है। इसे और अधिक प्रभावी तथा कठोर बनाने के लिए प्रशासन का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।

शिविर में थराली के तहसीलदार अक्षय पंकज, बार एसोसिएशन थराली के अध्यक्ष डी.डी. कुनियाल, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, सचिव जय सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष महिपाल सिंह नेगी, नोटरी अधिवक्ता ललित मोहन मिश्रा तथा अधिवक्ता विकेश कुमार, राकेश मिश्रा और पराविधिक स्वयंसेविका गणेशी देवी आदि ने जिला जज एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर महिला मंगल दल वाण की अध्यक्ष देवकी देवी, युवक मंगल दल के देवेंद्र सिंह, पूर्व डिप्टी रेंजर त्रिलोक सिंह बिष्ट, हीरा सिंह बुग्याली, अवतार सिंह, हुक्कम सिंह, खिलाप सिंह, मान सिंह, त्रिलोक सिंह, रघुवीर सिंह, बसंती देवी, कौशल्या देवी, रेखा देवी और सीता देवी सहित अनेक ग्रामीणों ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज वाण की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। शिविर में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!