सुरक्षा

19वीं गढ़वाल राइफल्स का 39वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया

 

 

पूर्व सैनिकों ने शहीद साथियों को दी श्रद्धांजलि, सैन्य सेवा की यादें कीं ताजा

देहरादून, 5 नवंबर (प्रभुपाल रावत)। भारतीय सेना की प्रतिष्ठित गढ़वाल राइफल्स की 19वीं बटालियन का 39वां स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव गुरुवार को देहरादून के कारगी चौक स्थित कृष्णा गार्डन में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में बटालियन के बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों ने भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने अपने शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही सैन्य सेवा के दौरान बिताए अविस्मरणीय पलों को याद किया।

उल्लेखनीय है कि 19वीं बटालियन दि गढ़वाल राइफल्स की स्थापना 5 नवंबर, 1987 को तत्कालीन लेफ्टिनेंट कर्नल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में की गई थी। प्रारंभ में गढ़वाल राइफल्स की अन्य बटालियनों से सैनिकों को शामिल कर इसका संख्या बल पूरा किया गया। इसके बाद 10 जुलाई, 1988 को बटालियन को जम्मू स्थित खारिया कैंप में तैनात किया गया। अपने 39 वर्षों के गौरवशाली सफर में बटालियन ने विभिन्न सैन्य दायित्वों का निर्वहन करते हुए भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाया है।

स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ बटालियन के दूसरे कार्यकाल के कमान अधिकारी रहे सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वीपीपीएस गुसाईं ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न सैन्य अभियानों और कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले बटालियन के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर गुसाईं ने बटालियन के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन, साहस और सैन्य परंपराओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सैनिक भले ही सक्रिय सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त हो जाएं, लेकिन सेना के प्रति उनका समर्पण और साथियों के बीच आत्मीय संबंध जीवनभर बने रहते हैं। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बटालियन के तत्कालीन सूबेदार मेजर एवं मानद कप्तान प्रेम सिंह चौहान ने भी अपने संबोधन में सैन्य सेवा के अनुभव साझा किए। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर पुरानी यादें ताजा कीं। वर्षों बाद अपने सैन्य साथियों से मिलकर अनेक पूर्व सैनिक भावुक भी नजर आए।

समारोह में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वीपीपीएस गुसाईं, कर्नल अतुल शाह, कर्नल केएस मन्हास, सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक कर्नल एमके जोशी, कर्नल कुमलानंद, मेजर हरि सिंह चौधरी, कप्तान प्रेम सिंह चौहान, कप्तान प्रेम सिंह रावत, पूरण सिंह कंडारी, दिनेश गुसाईं, धीरेंद्र सिंह, प्रभुपाल सिंह रावत, राजेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, कपिल पटवाल, महावीर सिंह, भगवान सिंह बिष्ट, भवान सिंह, दशरथ सिंह, बुद्धि सिंह और विशन सिंह सुरियाल सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

समारोह में सभी प्रतिभागियों के लिए पारंपरिक सामूहिक भोज ‘बड़ा खाना’ का भी आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के बीच आत्मीयता एवं सौहार्द का वातावरण बना रहा।

इसी क्रम में ऋषिकेश में भी बटालियन के पूर्व सैनिकों ने 39वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों ने पूर्व सैनिकों के बीच आपसी भाईचारे, एकजुटता और गढ़वाल राइफल्स की गौरवशाली सैन्य परंपराओं के प्रति सम्मान को एक बार फिर मजबूत किया।

— रिपोर्ट : प्रभुपाल सिंह रावत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!