थराली सीएचसी की बदहाली के खिलाफ दूसरे दिन भी धरना जारी, आंदोलन को मिलने लगा विभिन्न संगठनों का समर्थन
भाजयुमो पदाधिकारियों ने अपनी ही सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए सांसद निधि से 30 लाख रुपये स्वीकृत
थराली, 11 नवंबर (हरेंद्र बिष्ट)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और रिक्त पदों पर चिकित्सकीय कर्मचारियों की तैनाती सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत युवाओं को अब विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों का समर्थन भी मिलने लगा है।
थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन की अगुवाई भारतीय जनता युवा मोर्चा के थराली मंडल अध्यक्ष एवं संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी तथा भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष कैलाश जोशी कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद पार्टी के युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को ही स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए अपनी सरकार के खिलाफ आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
धरने के दूसरे दिन पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष जय सिंह बिष्ट, भाजपा जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अंकुर देवराड़ी, छात्रसंघ महासचिव तनुजा जोशी, काखड़ा के ग्राम प्रधान मनवर सिंह, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह बिष्ट और योगी ठाकुर सहित कई लोग धरने पर बैठे। इस बीच राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के जिला अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह बिष्ट ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन किया।
आंदोलनकारियों का कहना है कि पिंडर घाटी के बड़े हिस्से की आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए थराली अस्पताल पर निर्भर है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक जांच सुविधाओं के अभाव में मरीजों को सामान्य जांच एवं उपचार के लिए भी दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में ठोस सुधार होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए सांसद निधि से 30 लाख रुपये स्वीकृत : विधायक
इधर, सीएचसी परिसर में चल रहे आंदोलन के बीच थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना के लिए अपनी सांसद निधि से 30 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। उन्होंने कहा कि मशीन स्थापित होने और जांच सुविधा शुरू होने से पिंडर घाटी के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकेगी।
विधायक टम्टा ने बताया कि थराली में उप जिला चिकित्सालय के लिए चिकित्सकों के नए पद सृजित करने तथा चिकित्सकीय कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी गतिमान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा।
अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए धनराशि स्वीकृत करने पर विधायक ने सांसद अनिल बलूनी का आभार व्यक्त किया। हालांकि, अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर आंदोलनकारियों की मांगें अभी बनी हुई हैं। ऐसे में देखना होगा कि सरकार की ओर से की जा रही घोषणाएं धरातल पर कब तक उतरती हैं और पिंडर घाटी के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ कब मिल पाता है।

