एआई और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती
गौचर प्रेस क्लब में हिंदी पत्रकारिता पर गोष्ठी, वक्ताओं ने तथ्यपरकता और निष्पक्षता पर दिया जोर
गौचर, 16 नवंबर ( गुसाईं) । राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर गौचर प्रेस क्लब में आयोजित विचार गोष्ठी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता की चुनौतियों तथा बदलते स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के तेजी से विकास ने समाचारों के संकलन और प्रसारण को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ ही भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट खबरों के प्रसार से पत्रकारिता की विश्वसनीयता के सामने गंभीर चुनौतियां भी खड़ी हुई हैं।
गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में वैज्ञानिक नरेंद्र सिंह नेगी, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक शंकर सिंह भाटिया ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता समाजसेवी एवं सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ अजय किशोर भंडारी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सोशल मीडिया ने पत्रकारिता के कार्य करने के तरीके में व्यापक बदलाव ला दिया है। आधुनिक तकनीक की सहायता से समाचारों का संकलन, संपादन और प्रसारण पहले की अपेक्षा अधिक तेज हो गया है, लेकिन तकनीक के दुरुपयोग से गलत और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती समाचारों की सत्यता और विश्वसनीयता बनाए रखना है। किसी भी समाचार को प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पहले तथ्यों की जांच करना पत्रकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। खबर सबसे पहले देने की प्रतिस्पर्धा में तथ्यपरकता, निष्पक्षता और पत्रकारिता के मूल्यों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि लोक जागर गायक मोहित सती ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज तक सही, संतुलित और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाचारों में निष्पक्षता के साथ सामाजिक समरसता और जनहित का ध्यान रखना भी आवश्यक है।
गोष्ठी में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता को पत्रकारिता के लिए उपयोगी साधन के रूप में अपनाया जा सकता है, लेकिन मानवीय विवेक, संपादकीय जिम्मेदारी और तथ्यों के सत्यापन का कोई विकल्प नहीं हो सकता। बदलते तकनीकी परिवेश में पत्रकारों को नई तकनीकों की जानकारी रखने के साथ पत्रकारिता के बुनियादी सिद्धांतों के प्रति भी प्रतिबद्ध रहना होगा।
कार्यक्रम में गौचर प्रेस क्लब के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल, महामंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष ईश्वर सिंह राणा, उपाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा, पत्रकार प्रदीप लखेड़ा, संदीप कुमार, वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, पुष्कर सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार भानु प्रकाश नेगी ने किया।

