उत्तरकाशी में आठ मोबाइल वैन से मतदाताओं को दी जाएगी ईवीएम और वीवीपैट की जानकारी
तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 547 मतदान केंद्रों को किया जाएगा कवर, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

उत्तरकाशी, 21 नवंबर। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत उत्तरकाशी जिले में मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में आठ मोबाइल प्रदर्शन वैन तैनात की गई हैं। इन वैन के माध्यम से कुल 547 मतदान केंद्रों से संबंधित क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने राजनीतिक दलों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा की। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद ने मोबाइल प्रदर्शन वैन को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देश पर 21 नवंबर से शुरू किए गए इस अभियान के तहत गांवों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों में ईवीएम तथा वीवीपैट का प्रदर्शन किया जाएगा। मतदाताओं को बताया जाएगा कि ईवीएम के माध्यम से मतदान कैसे किया जाता है और वीवीपैट के जरिए अपने मत की पुष्टि किस प्रकार की जा सकती है।
अभियान के लिए पुरोला विधानसभा क्षेत्र में तीन, यमुनोत्री में दो और गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में तीन मोबाइल प्रदर्शन वैन लगाई गई हैं। इनके माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित गंगोत्री भवन में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में उपजिलाधिकारियों के कार्यालयों में भी प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदाता ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखकर अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से दूरस्थ गांवों और ऐसे क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाए, जहां लोगों को मतदान की तकनीकी प्रक्रिया की पर्याप्त जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की सही जानकारी मिलने से उनका विश्वास बढ़ेगा और वे बिना किसी भ्रम के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की प्रभावी निगरानी करने और निर्धारित मतदान केंद्रों से संबंधित क्षेत्रों तक मोबाइल वैन की पहुंच सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

