खेल/मनोरंजन

अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में उत्तराखंड पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र

 

**केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव चंचल कुमार ने की उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना**

गोवा/देहरादून, 21 नवंबर। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आईएफएफआई)-2026 के अंतर्गत वेव्स फिल्म बाजार में उत्तराखंड पवेलियन देश-विदेश के फिल्मकारों और फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में पहुंच रहे फिल्म निर्माता, निर्देशक और अन्य प्रतिनिधि उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों तथा फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध सुविधाओं में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने शनिवार को उत्तराखंड पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए इसे देश की सर्वश्रेष्ठ फिल्म नीतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक प्राकृतिक स्थल और अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहित करने और फिल्मकारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 को लेकर भी फिल्म बाजार में उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न राज्यों और विदेशों से पहुंचे फिल्म निर्माता एवं निर्देशक फिल्म नीति के प्रावधानों, शूटिंग की अनुमति संबंधी सुविधाओं और राज्य सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र, प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक स्थलों और विविध भौगोलिक परिवेश को फिल्म निर्माण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह का शुभारंभ शुक्रवार को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दीप प्रज्वलित कर किया था। उद्घाटन समारोह में प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, समारोह निदेशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी सहित फिल्म जगत की अनेक हस्तियां उपस्थित रहीं।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी केएस चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में उत्तराखंड पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया राज्य के फिल्म उद्योग के लिए उत्साहजनक है। देश-विदेश के फिल्मकारों की बढ़ती रुचि से प्रदेश में फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन की संभावनाओं का विस्तार होगा।

उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, पर्यटन व्यवसायियों और फिल्म निर्माण से जुड़ी अन्य सेवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकेंगे। फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिलने से राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचने की उम्मीद है।

इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पांडेय उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!