Front Pageशिक्षा/साहित्य

गढ़वाल विवि का 13वां दीक्षांत समारोह स्थगित

एक दिसंबर को प्रस्तावित था समारोह, नई तिथि जल्द होगी घोषित

 

श्रीनगर (गढ़वाल), 28 नवंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय का एक दिसंबर को प्रस्तावित 13वां दीक्षांत समारोह स्थगित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसमें बताया गया है कि मुख्य अतिथि की उपलब्धता और समारोह की तिथि को अंतिम रूप नहीं दिए जाने के कारण इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। समारोह की नई तिथि अलग से घोषित की जाएगी।

अधिसूचना के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्तीर्ण विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों श्रीनगर, चौरास और बीजीआर परिसर पौड़ी के सभी पात्र स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थी दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।

पीएचडी शोधार्थियों में वे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की जा चुकी है या जिनकी मौखिक परीक्षा (वाइवा-वॉइस) 10 दिसंबर 2026 तक पूरी हो चुकी होगी। इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के सभी विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक विजेता भी समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपाधि और पदक प्राप्त कर सकेंगे।

कुलसचिव ने बताया कि पात्र पीजी विद्यार्थियों, पीएचडी शोधार्थियों और स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। पंजीकरण की तिथि और अन्य दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। सभी पात्र अभ्यर्थियों से नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट देखने और निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण पूरा करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!