नारी शक्ति को कौशल की नई रफ्तार: 24 राज्यों के 100 जिलों में ‘नव्या 2.0’ लागू, 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों की भी मिली सौगा

हरिद्वार, 28 नवंबर । देश की किशोरियों और युवा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम से ‘नव्या 2.0’ (NAVYA 2.0) योजना का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों और पांच नए पीएम-जनमन आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी किया गया।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की इस संयुक्त पहल के तहत अब 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 आकांक्षी और दुर्गम जिलों को शामिल किया जाएगा। इस चरण में योजना की पात्रता आयु सीमा को 16-18 वर्ष से बढ़ाकर 16-25 वर्ष कर दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य युवा महिलाओं को ड्रोन निर्माण, असेंबली तकनीशियन और सोलर पीवी इंस्टॉलेशन जैसे नए जमाने के गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर उन्हें नौकरी, अप्रेंटिसशिप (शिक्षुता) और उद्यमिता से जोड़ना है। नामांकन से लेकर प्रमाणन और रोजगार तक की पूरी निगरानी ‘कौशल भारत डिजिटल हब’ (SIDH) पोर्टल के जरिए की जाएगी।
शुभारंभ के अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य अधूरा है। उन्होंने जोर दिया कि बेटियों को केवल विकास का लाभार्थी नहीं, बल्कि उसका नेतृत्वकर्ता बनना होगा। यह योजना केवल प्रशिक्षण बैच भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि नामांकन से लेकर आजीविका मिलने तक हर बालिका और उसके परिवार के साथ निरंतर जुड़ाव सुनिश्चित करेगी। वहीं, अपने वर्चुअल संदेश में मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि किसी भी कौशल कार्यक्रम की असली सफलता प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले अवसरों से मापी जाती है और नव्या 2.0 पिछड़े जिलों की महिलाओं को ऐसे करियर अपनाने का मौका देगा, जिनकी उन्होंने पहले कभी कल्पना भी नहीं की थी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के तहत प्रशिक्षित 10 मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर उत्तराखंड सरकार की मंत्री रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ सचिव और अधिकारी उपस्थित रहे।

