आवासीय भवनों में अग्निकांड को माना जाएगा आपदा, मिलेगी राहत राशि
प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर मुख्यमंत्री ने की चार महत्वपूर्ण घोषणाएं, राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले होंगे पुरस्कृत
देहरादून, 28 नवंबर। उत्तराखंड में आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा और प्रभावितों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन तंत्र को सुदृढ़ बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। आपदाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) की पुस्तिका एवं उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन निरंतर चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। आपदाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियों और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान संचालित किया। अनेक तकनीकी चुनौतियों के बीच राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की सहायता ली गई। करीब 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की भूकंपीय संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव के लिए भी मॉक ड्रिल आयोजित करने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के उपयोग, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता, स्थानीय समुदायों की सहभागिता तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों के व्यवस्थित दस्तावेजीकरण को भी उन्होंने आवश्यक बताया।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। उन्होंने आपदा जोखिम न्यूनीकरण, क्षमता विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी, विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

