हरेला पर हिमवीरों ने किया गौचर व दुवा गा़व में वृहद वृक्षारोपण
–गौचर से दिगपाल गुसाईं —
लोकपर्व हरेला के उपलक्ष्य में यहां कार्यरत आइ टी वी पी की 8 वीं वाहिनी के, हिमवीरों ने गौचर व दुवा गा़व में वृहद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वाहनी के सैनानी हफी जुल्लाह सिद्दीकी के नेतृत्व एवं निर्देशन में, पर्यावरण संरक्षण के लिए लोकपर्व त्योहार हरेला के अवसर पर वाहनी के हिमवीरों ने उप सेनानी हीरा राम की अध्यक्षता में दो अधिकारियों व 26 हिमवीरों ने पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट के सानिध्य में गौचर तथा-दुवा गांव की जनता के सहयोग से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनता ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गौचर मैदान में 200 तथा दुवा गांव में 250 पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर उप सेनानी हीरा राम ने कहा कि पर्यावरण का हम सभी के जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। पर्यावरण के बिना मानव का जीवन सुरक्षित नहीं रह सकता है। इसलिए हमको सबको पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही उनकी रक्षा करनी चाहिए। लेकिन बड़ी ही विडंबना की बात है कि आज मानव स्वयं तक ही सीमित रह गया है। आज आधुनिक युग में मानव दिन दोगुनी व रात चौगुनी रफ्तार से जीवन में प्रगति कर रहा है। लेकिन मानव तनिक भी पर्यावरण की चिंता नहीं कर रहा है। जिसके भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उत्तराखंड का यह त्यौहार हरेला पर्व प्रत्येक उत्तराखंड के निवासी की पर्यावरण के प्रति जीवन शैली का प्रतिबिंब है।