यमकेश्वर में विकास का महासंगम: सीएम योगी और सीएम धामी ने दी करोड़ों की सौगात

यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल), 7 मई। उत्तराखंड की पावन भूमि यमकेश्वर आज उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के मिलन और क्षेत्र की बड़ी विकास योजनाओं का साक्षी बनी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से यमकेश्वर क्षेत्र का भ्रमण किया और महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ किया, जहां उन्होंने भगवान शिव से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। यमकेश्वर आगमन पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया।
इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचे, जहां उन्होंने श्री विष्णु महायज्ञ में प्रतिभाग कर अपने परिवारजनों और ग्रामीणों के साथ आध्यात्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बने। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर समिति का आभार जताते हुए कहा कि तीन वर्ष पहले जहां केवल आस्था का एक छोटा केंद्र था, वह आज एक भव्य मंदिर का स्वरूप ले चुका है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता के लिए सकारात्मक सोच अनिवार्य है और ईश्वर भक्ति इस ऊर्जा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व की सराहना करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने क्षेत्र के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए बिथ्याणी महाविद्यालय को ‘आदर्श कॉलेज’ के रूप में विकसित करने और क्षेत्र में जल्द ही एक मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार युवाओं को वैश्विक स्तर की शिक्षा और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए महाविद्यालय की नई एआई (AI) आधारित वेबसाइट का डिजिटल शुभारंभ किया गया, जिसके बारे में त्रिलोक चंद्र शर्मा ने विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में डिजिटल तकनीक का बेहद रोचक प्रदर्शन तब देखने को मिला जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं एआई बॉट से संवाद कर महाविद्यालय की परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास कार्यक्रमों पर चर्चा की। इसके साथ ही महाविद्यालय के नए भवन, सेमिनार हॉल का उद्घाटन और ‘विकसित भारत : एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन भी संपन्न हुआ। युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए परिसर में स्थापित ओपन जिम का लोकार्पण किया गया, जहां दोनों मुख्यमंत्रियों ने स्वयं उपकरणों पर व्यायाम कर स्वास्थ्य का संदेश दिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक रेनू बिष्ट सहित शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही।
