क्षेत्रीय समाचार

सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संकल्प के साथ दिलाई नागरिक सत्यनिष्ठा की शपथ

नरेंद्रनगर, 30 अक्टूबर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ समिति के तत्वावधान में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को नागरिक सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखा गया है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक प्रगति में एक बड़ी बाधा है। इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए भ्रष्टाचारमुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए। कानून और नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ समिति के संयोजक डॉ. जितेंद्र नौटियाल ने बताया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार देशभर में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उच्च शिक्षण संस्थानों में भी विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारमुक्त समाज के निर्माण के लिए नागरिकों में सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और पारदर्शिता की भावना विकसित करना आवश्यक है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!