आपदा/दुर्घटनामौसम

उत्तराखंड में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज चेतावनी

देहरादून, 5 अगस्त। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने तथा संबंधित विभागों को एहतियाती व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 6 अगस्त को देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर भी पड़ सकते हैं। इसके अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चम्पावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने 5 अगस्त के लिए भी देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश तथा राज्य के अन्य जिलों में भारी वर्षा और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

एसईओसी ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, भूस्खलन संभावित मार्गों पर सतर्कता रखने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने तथा सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। एनएच, लोक निर्माण विभाग, बीआरओ, पीएमजीएसवाई और अन्य एजेंसियों को मार्गों पर निगरानी रखने तथा अवरोध की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क अवरुद्ध होने, नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने, निचले इलाकों में जलभराव तथा कुछ स्थानों पर फ्लैश फ्लड की स्थिति बन सकती है। चारधाम यात्रा और अन्य पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वालों को केवल आवश्यकता होने पर ही यात्रा करने तथा मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी गई है।

आईएमडी के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 11 अगस्त तक राज्य के अधिकांश या अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!