बद्रीनाथ यात्रा पर जा रहे युवक की खाई में गिरने से मौत

गौचर, 23 मई (गुसाईं)। बद्रीनाथ यात्रा पर जा रहे दो मोटरसाइकिल सवारों की बाइक गौचर और कर्णप्रयाग के बीच गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आसाम निवासी सोम बोस्या और बिहार निवासी ऋतिक शनिवार को मोटरसाइकिल से बद्रीनाथ यात्रा पर जा रहे थे। गौचर और कर्णप्रयाग के बीच गलनाऊं नामक स्थान पर तीव्र ढलान में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ तथा डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्णप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आसाम निवासी सोम बोस्या को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बिहार निवासी ऋतिक को मामूली चोटें आई हैं और उनका कर्णप्रयाग चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
