Front Page

यमुनोत्री मार्ग पर 57 मीटर लंबा वैली ब्रिज तैयार, यातायात के लिए खुला

 

उत्तरकाशी, 21 सितंबर। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के स्यानाचट्टी-कुपड़ा मोटर मार्ग पर 57 मीटर लंबे वैली ब्रिज का पुनर्निर्माण पूरा होने के बाद इसे यातायात के लिए खोल दिया गया है। पुल के चालू होने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का सड़क संपर्क बहाल होने के साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।
लोक निर्माण विभाग बड़कोट ने स्यानाचट्टी-कुपड़ा मोटर मार्ग के किलोमीटर एक पर स्थित इस पुल का पुनर्निर्माण किया है। इसके लिए 83 लाख 54 हजार 50 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। विभाग ने मानसून के दौरान भी काम जारी रखते हुए 18 सितंबर को निर्माण पूरा कर पुल को आम लोगों और वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में विभागीय टीम ने निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया। पुल के चालू होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सामान्य होने के साथ ही दूरस्थ गांवों तक आपातकालीन सेवाओं और दैनिक जरूरतों से जुड़े वाहनों की आवाजाही भी सुगम हो गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार पुल का पुनर्निर्माण क्षेत्र में सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही इस मार्ग से आवाजाही करने वाले अन्य लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!