भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान

नरेंद्रनगर, 14 मई। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल में आयोजित भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा-2026 में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्राचार्य प्रो. प्रणीता नंद के करकमलों से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. प्रणीता नंद ने कहा कि यह परीक्षा छात्र-छात्राओं को भारतीय ज्ञान परम्परा की समृद्ध विरासत से जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की दृष्टि से भी इस प्रकार की परीक्षाएं अत्यंत उपयोगी एवं महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान प्राचार्य ने विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की राष्ट्रीय समिति द्वारा महाविद्यालय को सक्रिय एवं उत्कृष्ट सहयोग के लिए प्रदान किया गया प्रशस्ति प्रमाण-पत्र भी ग्रहण किया।
परीक्षा के नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र नौटियाल ने बताया कि परीक्षा का आयोजन विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के तत्वावधान में किया गया। परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु प्राचार्य के मार्गदर्शन में पंजीकरण समिति, परीक्षा समिति एवं मूल्यांकन समिति का गठन किया गया था।
उन्होंने बताया कि परीक्षा आयोजन में डॉ. राजपाल सिंह रावत, डॉ. उमेश चंद्र मैठाणी, डॉ. नताशा, डॉ. सुधा रानी, डॉ. सुशील कुमार कगडियाल, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. ज्योति सैली, डॉ. आराधना सक्सेना, डॉ. रंजीता जौहरी, गणेश पांडेय, मुनेन्द्र कुमार एवं अजय पुंडीर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. नौटियाल ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय के 45 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। इनमें सलोनी थपलियाल, अंकित पोखरियाल, मयंक पोखरियाल, अंबिका सेमवाल एवं स्वाति अरोरा ने शीर्ष पांच स्थान प्राप्त किए। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
