राजनीति

मुख्यमंत्री से मिले भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैन्दोली

 

युवाओं के सशक्तिकरण और विकसित उत्तराखण्ड पर हुई चर्चा

देहरादून, 22 मई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैन्दोली ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के युवाओं के हितों, युवा मोर्चा की गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं तथा राज्य निर्माण में युवाओं की भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान विपुल मैन्दोली ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, राजनीति, शिक्षा, खेल, स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर युवाओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में युवाओं को स्टार्टअप, स्वरोजगार, डिजिटल कौशल तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही “विकसित उत्तराखण्ड” और “विकसित भारत-2047” के संकल्प को साकार करने के लिए नेतृत्व विकास, सामाजिक जागरूकता और नीति निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
विपुल मैन्दोली ने कहा कि उनका उद्देश्य दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अवसर और मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि पहाड़ के युवाओं को पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े। उन्होंने कहा कि वे लगातार युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयासरत हैं।
इस क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष जनपद चमोली के विकासखण्ड नन्दानगर स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनोल का विषय भी उठाया। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों को कक्षा 10 के बाद आगे की पढ़ाई के लिए लगभग 15 किलोमीटर दूर जंगल के रास्ते से राजकीय इंटर कॉलेज बूरा जाना पड़ता है, जिससे छात्र-छात्राओं को जंगली जानवरों के खतरे का सामना करना पड़ता है।
विपुल मैन्दोली ने मुख्यमंत्री से विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत किए जाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा तथा दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विषय को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!