बंगथल और नारी गदेरे पर डाट पुलिया व काजवे निर्माण पूरा, वाहनों की आवाजाही शुरू
पोखरी, 20 मई (राणा)। लोक निर्माण विभाग के अधीन पोखरी-हापला-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर बंगथल और नारी गदेरे में लंबे समय से चल रहा डाट पुलिया और काजवे निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से शुरू हो गई है, जिससे क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
बताया गया कि पिछले करीब चार माह से ठेकेदार द्वारा दोनों स्थानों पर डाट पुलिया और काजवे का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। कार्य की धीमी गति के चलते मार्ग कई बार बाधित रहा। सड़क संकरी होने और हल्की बारिश में भी कीचड़ फैलने से वाहन चालकों व यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा था।
यह मोटर मार्ग क्षेत्र की 50 से अधिक ग्राम पंचायतों को जिला मुख्यालय गोपेश्वर से जोड़ता है। मार्ग पर प्रतिदिन छोटे-बड़े यात्री वाहनों के साथ ही मालवाहक वाहनों की भी आवाजाही रहती है। ऐसे में निर्माण कार्य में देरी को लेकर क्षेत्रीय जनता में नाराजगी बढ़ने लगी थी।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मांग पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार तथा सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद ने मामले में सख्ती दिखाई। इसके बाद ठेकेदार ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए दोनों स्थानों पर डाट पुलिया और काजवे का निर्माण कार्य पूरा कर दिया।
वाहन चालक सज्जन रडवाल, दिनेश चौधरी, सूफी चौधरी, अनुसुइया बर्तवाल, भगत सिंह, प्रदीप राणा, किशन करासी और शैलेन्द्र कुमार समेत अन्य वाहन चालकों ने निर्माण कार्य पूरा होने पर खुशी जताते हुए कहा कि अब मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुगम हो गई है और यात्रियों को भी बड़ी राहत मिली है।
