मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुसुम लता उनियाल को भावभीनी विदाई
गौचर, 1 सितंबर (गुसाईं)। मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय गोपेश्वर में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत कुसुम लता उनियाल के अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में संस्थान परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उनके लंबे सेवाकाल और शिक्षा विभाग में दिए गए योगदान को याद करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह में डायट के प्राचार्य एवं प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने कुसुम लता उनियाल के दीर्घ शासकीय सेवाकाल में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनियाल ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ किया। उनकी कार्यशैली, अनुभव और सहयोगपूर्ण व्यवहार से सहकर्मियों को हमेशा प्रेरणा मिलती रही।
सारस्वत ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन की यात्रा का एक नया चरण है। उन्होंने उनियाल के सुखमय, दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवाकाल के दौरान उनके द्वारा किए गए कार्य और अर्जित अनुभव सदैव स्मरणीय रहेंगे।
इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कुसुम लता उनियाल के साथ सेवाकाल से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। डायट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश सती ने उनके सरल, सहज और सहयोगात्मक व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके साथ कार्य करने का अनुभव सभी के लिए सुखद और प्रेरणादायी रहा।
विदाई समारोह में अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कुसुम लता उनियाल ने डायट चमोली के प्राचार्य सहित समस्त संस्थान परिवार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा के दौरान अधिकारियों और सहकर्मियों से मिला सहयोग और स्नेह उनके लिए अमूल्य है और इन स्मृतियों को वह सदैव संजोकर रखेंगी। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
समारोह के अंत में संस्थान परिवार की ओर से कुसुम लता उनियाल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की गई।
