मुख्यमंत्री धामी ने सुना ‘मन की बात’ का 137वां संस्करण
युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रधानमंत्री के संदेश को बताया महत्वपूर्ण

देहरादून, 30 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों तथा अभिनव प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बार युवाओं को नशे से दूर रखने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त और स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं। प्रधानमंत्री का आह्वान युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगा।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के गौरवशाली इतिहास और विरासत को नई पीढ़ी तक सरल एवं रोचक तरीके से पहुंचाने के अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। इससे युवाओं को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने तथा उनमें अपनी विरासत के प्रति गौरव की भावना मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचार और जनभागीदारी के प्रयासों को देश के सामने लाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से नशा मुक्त और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
