राजनीति

राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच हो : आलोक शर्मा

 

देहरादून, 23 जून। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े कथित आरोपों को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की है।
सोमवार को राजीव भवन, देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में शर्मा ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी वित्तीय विवाद की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रभु श्रीराम के नाम पर राजनीतिक लाभ प्राप्त किया और अब मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामलों पर चुप्पी साधे हुए है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में विभिन्न विकास कार्यों और उपलब्धियों का श्रेय लेते रहे हैं, इसलिए राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय विवादों की नैतिक जिम्मेदारी से भी उन्हें अलग नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों ने भी चढ़ावे और अन्य मामलों में अनियमितताओं के सवाल उठाए हैं, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ जाती है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) वास्तविक दोषियों तक पहुंचने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राम मंदिर ट्रस्ट से संबंधित भूमि खरीद और अन्य मामलों में अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे, लेकिन उन मामलों की जांच के परिणाम सार्वजनिक नहीं किए गए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े कुछ लोगों द्वारा कमीशनखोरी के आरोप लगाए गए थे और इन मुद्दों को उठाने वालों को ट्रस्ट से बाहर कर दिया गया। शर्मा ने कहा कि वर्तमान जांच प्रक्रिया भी केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, इसके लिए स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।
कांग्रेस की ओर से उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने, कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज करने, मंदिर से संबंधित बैंक खातों और सीसीटीवी फुटेज को सार्वजनिक करने तथा पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह मामला किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन धर्म की प्रतिष्ठा से जुड़ा है। प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, मनोज सैनी और देवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!