राजनीति

भाजपा के तिरंगा अभियान से पहले कांग्रेस भारत जोड़ो अभियान शुरू करेगी

देहरादून,  17 जुलाई (उहि)। भाजपा 13 अगस्त से तिरंगा अभियान चलाने जा रही है तो उससे पहले कांग्रेस अगस्त क्रांति की वर्षगांठ पर 9 अगस्त से भारत जोड़ो अभियान चलाएगी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा उदयपुर में आयोजित नव संकल्प घोषणा के तहत भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में पूरे देशभर में  9 अगस्त  से 15 अगस्त  तक ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के आयोजन का निर्णय लिया गया था। भारत जोडो यात्रा के अन्तर्गत उत्तराखण्ड प्रदेश के सभी जनपदों में 75 कि.मी. लम्बी पद यात्रा का आयोजन किया जाना है यात्राओं का समापन  15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर जिला मुख्यालयों एवं प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भव्य समारोह के रूप में किया जायेगा।

इसी संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव की उपस्थिति में आज देहरादून में कांग्रेस पार्टी के जिला एवं महानगर अध्यक्षों तथा महानगर पार्षदों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित ‘‘भारत जोडो-तिरंगा यात्रा’ पर चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित सभी कंाग्रेसजनों ने अपने विचार व्यक्त किये।


प्रदेश प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव ने बैठक में अवगत कराया कि भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के शुभ अवसर पर 3600 कि.मी. की ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’ पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कश्मीर से कन्याकुमारी तक आयोजित की जायेगी।

उन्होंने कहा कि आज कुछ ताकतों द्वारा देश का सामाजिक सौहार्द बिगाडने का प्रयास किया जा रहा है कांग्रेस पार्टी इसी के विरूद्ध देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर देश में सामाजिक सौहार्द बनाये रखने का देशभर में संदेश देगी। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में देशभर के 12 राज्यों से होकर यात्रा गुजरेगी तथा जिन राज्यों को नहीं छू पायेगी उन राज्यों के प्रत्येक जिलों में 75 कि.मी. की ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’ निकाली जायेगी तथा इन राज्यों मुख्य यात्रा में 200-200 जिला, ब्लाक व बूथ स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के सभी जनपदों में भी 75 कि.मी. लम्बी यात्रायें निकाली जानी है।
प्रदेश प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव ने यह भी कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए राजनैतिक प्रतिशोध और द्वेष की भावना से काम कर रही है तथा अपनी राजनैतिक प्रतिद्धंदिता के लिए केन्द्रीय ऐजेंसियों का उपयोग विपक्षी दल के नेताओं का उत्पीडित करने के लिए कर रही है। इसी के तहत पहले पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी तथा अब 21 जुलाई को पार्टी की वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी को ईडी के माध्यम से प्रताडित करने जा रही है। हमें अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के सम्मान तथा देश में लोकतंत्र को जीवित रखने के लिए सडकों पर उतर कर इसका विरोध करना है। आज नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश का लोकतंत्र समाप्त होता जा रहा है। कार्यकर्ताओं की महनत का नतीजा था कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में हम उत्तराखण्ड में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया हां मेहनत के बावजूद अपेक्षित नतीजे नहीं आये जिससे कार्यकर्ता को निराश नहीं होना है हमें अपनी कमियों को दूर करने के लिए मंथन करना होगा तथा पार्टी का उदयपुर अधिवेशन इसीलिए बुलाया गया था जिसमें पार्टी ने महत्वपूर्ण निर्णय लिये।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आज माहौल बनाया जा रहा है कि कांग्रेस कमजोर हो गई है परन्तु देश की स्वतंत्रता से लेकर आज तक कांग्रेस पार्टी का लम्बा स्वर्णिम इतिहास है। कांग्रेस एक विचारधारा है हम सबको मिलकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना है तथा विपक्ष के झूठ के आगे घुटने नहीं टेकने हैं। कांग्रेस पार्टी जब-जब कमजोर हुई है देश का लोकतंत्र कमजोर हुआ है। भाजपा का इतिहास झूठ पर खडा है कंाग्रेस कार्यकर्ता को अपनी भावनायें, विचार और आदर्श नहीं छोडने हैं। कांग्रेस पार्टी धर्मनिरपेक्षता के रास्ते पर चली है इसीलिए जनता हमें वोट करती है। विपक्ष में ही संगठन मजबूत होता है हमें एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करना है तथा एक दिन कांग्रेस का नाम फिर से सुनहरे अक्षरों में लिखा जायेगा।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उदयपुर संकल्प में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं, ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’ महत्वपूर्ण निर्णय है। आज देश का सामाजिक ताना-बाना खत्म किया जा रहा है। देश में आज धर्म मजहब की राजनीति की जा रही है, देश किसी एक मजहब का नहीं है देश की आजादी के लिए सबने मिलकर अपना खून-पसीना बहाया है तथा जो भारत का इतिहास है वही कांग्रेस का इतिहास है। 9 अगस्त को ही कंाग्रेस का एक नारा था ‘‘ अंग्रेजो भारत छोड़ो’’ आज नया नारा है ‘‘ भारत जोड़ो’’। भाजपा के नेताओं का कोई जनाधार नहीं है जबकि कांग्रेस नेताओं के पीछे जनता है क्योंकि कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता जनता के सुख-दुःख में उनके साथ खडा है। कांग्रेस पार्टी कठिन दौर से गुजर रही है। ऐसे वक्त में भी कार्यकर्ता पार्टी से जुडे हुए हैं आज विपक्ष मे केवल राहुल गांधी ही ऐसे नेता हैं जो मोदी की नीतियों का विरोध करने का साहस कर रहे हैं। जोधपुर का नव संकल्प ऐलान मात्र ऐलान नहीं होना चाहिए, संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह समय घर बैठने का नहीं है हमें विस्तृत रूप रेखा बनाकर भाजपा का मुकाबला करना है।
उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापडी ने कहा कि आज धर्म को आपस में लडाने की राजनीति हो रही है। जनता के दुःख दर्द से भाजपा को कोई सरोकार नहीं है। भाजपा के शासन से समाज का हर वर्ग अपने को उपेक्षित महसूस कर रहा है। ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’ में पार्टी का कार्यकर्ता पूरे जोश से प्रतिभाग करेगा। पार्टी नेतृत्व जिसको जो भी जिम्मेदारी देगी उसका पालन किया जायेगा। विपक्ष मजबूत है इसका संदेश देने के लिए ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’ एक सुनहरा अवसर है।
राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन ने कहा कि हमे गुजरी हुई बाते भूलकर एकजुटता के साथ सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाकर सरकार को कटघरे में खडा करने की जरूरत है। ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’ की सफलता के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर आगे बढेगा। हमें भाजपा की कुनीतियों के खिलाफ श्रीमती सोनिया गांधी जी एवं श्री राहुल गांधी जी के हाथों को मजबूत करना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री करन माहरा ने बैठक में आये सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का आधार उसके कार्यकर्ता हैं पार्टी न कभी कमजोर थी और न कमजोर होगी। आज भाजपा शासन में समाज का प्रत्येक वर्ग परेशान है। देश की सीमायें सुरक्षित नहीं हैं। देश में बेरोजगारी, मंहगाई, भ्रष्टाचार का बोल-बाला है। करन माहरा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार केन्द्रीय सरकारी ऐजेंसियों के माध्यम से विपक्षी दल के नेताओं का उत्पीडन कर रही है जिसकी कांग्रेस पार्टी घोर निन्दा करती है। पहले कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी तथा अब पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई इसी बात का द्योतक है।  देश को एकबार फिर से गुलाम होते हुए देखकर कांग्रेस कार्यकर्ता चैन से नहीं रह सकता है। उन्होंने ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’ में बढ-चढ कर भागीदारी करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता का आह्रवान किया। बैठक में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष श्री करन माहरा के नेतृत्व में एकजुट होकर ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’ को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इसके उपरान्त प्रदेश प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव की उपस्थिति में पार्टी के विधायकगणों, पूर्व विधायकगणों की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें प्रदेशभर में जिला स्तर पर होने वाली ‘‘भारत जोड़ा तिरंगा यात्रा’’  को सफल बनाने पर चर्चा हुई। इसी के साथ कांग्रेस विधानमण्डल दल की बैठक में राष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग पर पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!