वर्षों से लंबित पोखरी-नखोलियाणा-चोपड़ा मोटर मार्ग पर बनी सहमति, जल्द शुरू होगा शेष निर्माण कार्य
पोखरी, 20 जुलाई (राणा)। वर्षों से लंबित पोखरी-नखोलियाणा-चोपड़ा मोटर मार्ग के अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए सोमवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल की अध्यक्षता में वन विभाग, लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2014-15 में स्वीकृत आठ किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग में लोक निर्माण विभाग वर्ष 2022 में धौड़ा से खड़की तक चार किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा कर चुका है। शेष चार किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए विभाग टेंडर प्रक्रिया पूरी कर चुका है तथा ठेकेदार द्वारा आवश्यक बाड़बंदी का कार्य भी किया जा चुका है। हालांकि वन विभाग से संबंधित औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।

बैठक में वन विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद खड़की से चोपड़ा तक शेष चार किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि इस मोटर मार्ग के निर्माण से पोखरी, नखोलियाणा, चरकोटी, खड़की, चोपड़ा, चमेठी, गोदी और किमगैर सहित अनेक गांवों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
बैठक में तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं, वन दरोगा आनंद सिंह रावत, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ज्योति सिंह रावत, सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष मयंक वैष्णव, महिधर पंत, संतोष चौधरी, राघवानंद डंगवाल, राजपाल कोठियाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष भुवनेश्वरी भट्ट, पुष्पा पंत, रामचंद्र, माहेश्वरी देवी, सुरमा देवी, कमला देवी, सरस्वती देवी, शशि देवी, सरोजनी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
