भूमि डिजिटलीकरण के छह भू-लेख पोर्टलों का गांवों तक होगा प्रचार
थराली, 20 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। जिलाधिकारी चमोली के निर्देश पर भूमि डिजिटलीकरण से संबंधित सुविधाओं और भू-लेख पोर्टलों की जानकारी अब ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएगी। तहसीलदार थराली अक्षय पंकज ने राजस्व कर्मियों को इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को तहसील कार्यालय में तहसीलदार अक्षय पंकज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजस्व परिषद द्वारा शुरू किए गए छह भू-लेख पोर्टलों के बारे में राजस्व कर्मियों को विस्तार से जानकारी दी गई। तहसीलदार ने कहा कि इन पोर्टलों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचना जरूरी है, ताकि ग्रामीण भूमि अभिलेखों से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने राजस्व कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इन सुविधाओं का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद तहसील कार्यालय में पुराने एवं अनुपयोगी दस्तावेजों की छंटनी कर उनका नियमानुसार निस्तारण किया गया। इसके साथ ही तहसील परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। तहसीलदार ने अधिकारियों और कर्मचारियों से एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का पूरी तरह त्याग करने की अपील की। उन्होंने तहसील परिसर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए पौधरोपण पर भी जोर दिया।
स्वच्छता अभियान में रजिस्ट्रार कानूनगो अशोक नौटियाल, राजस्व उपनिरीक्षक रोबिट सिद्दीकी और मनीष सिंह, नायब नाजिर बलवीर लाल, पेशकार तोता कृष्ण जोशी सहित होमगार्ड तथा डीडीआरएफ के जवानों ने सक्रिय भागीदारी की।
