नौगांव सौली के भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
प्रभावित परिवारों के लिए कम्युनिटी किचन और सूखा राशन किट उपलब्ध कराने के निर्देश
नौगांव/उत्तरकाशी, 12 अगस्त। तहसील बड़कोट के अंतर्गत नौगांव के सौली कस्बे में भू-धंसाव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार देर शाम प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने भू-धंसाव के कारण रिहायशी दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट सहित संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित स्थानों, जैसे सरकारी भवनों अथवा किराये के सुरक्षित मकानों में अस्थायी रूप से ठहराने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को सरकारी भवनों में ठहराए जाने की स्थिति में भोजन एवं आवश्यक बुनियादी सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में कम्युनिटी किचन शुरू करने तथा राहत के तौर पर प्रत्येक प्रभावित परिवार को तत्काल सूखा राशन किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
