तमक नाले पर रिकॉर्ड समय में यातायात बहाल, ह्यूम पाइप डालकर बनाया अस्थायी मार्ग
ज्योतिर्मठ, 12 अगस्त (कपरूवाण)। नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बह जाने के बाद बाधित वाहनों की आवाजाही रिकॉर्ड समय में बहाल कर दी गई। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों ने तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किया, जिसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तमक नाले पर यातायात जल्द बहाल करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का काम शुरू किया। ह्यूम पाइप डालकर तैयार किए गए अस्थायी मार्ग से अब नीती घाटी में वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है।

मुख्यमंत्री धामी लगातार मार्ग बहाली और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी लेते रहे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और चमोली के जिलाधिकारी से स्थिति की जानकारी ली। मार्ग बहाल होने के बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों के त्वरित प्रयासों की सराहना की।

उधर, तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता हुए व्यक्ति की तलाश बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सीमा सड़क संगठन की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। नदी तट और आसपास के संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली जा रही है।
प्रशासन की टीमें तमक नाले के जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अस्थायी मार्ग से आवागमन के दौरान सुरक्षा को देखते हुए वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने तथा मौके पर तैनात टीमों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
