Front Pageआपदा/दुर्घटना

पोखरी के चांदनीखाल के पास ईको वाहन खाई में गिरा, चालक समेत तीन घायल

पोखरी, 26 मई (राणा)। पोखरी-चांदनीखाल मोटर मार्ग पर चांदनीखाल के समीप एक ईको वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ईको वाहन हापला से पोखरी की ओर आ रहा था। चांदनीखाल के पास उल्काधार क्षेत्र में अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।


दुर्घटना में भिकोना निवासी अनुज (26 वर्ष), गुनियाला निवासी विजनेस रावत तथा चौरा निवासी अक्षय (40 वर्ष) घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा तथा थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को खाई से बाहर निकालकर पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया गया।
सीएचसी पोखरी में घायलों का उपचार किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि अनुज और विजनेस रावत की हालत सामान्य है, जबकि गंभीर रूप से घायल अक्षय को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मौके पर एसआई प्रशांत बिष्ट, कपिल कुमार, रमेश जायसवाल, प्रेम भारती, राजस्व निरीक्षक प्रदीप रावत, राजस्व उपनिरीक्षक सूरज थपलियाल, नीरज स्वरूप, आशुतोष रावत और संतोष चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!