कृषि स्टार्टअप को साझा मंच देगा गढ़वाल विश्वविद्यालय, 23 सितंबर को जुटेंगे करीब 300 हितधारक
कृषि स्टार्टअप को साझा मंच देगा गढ़वाल विश्वविद्यालय
श्रीनगर गढ़वाल, 22 सितंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय 23 सितंबर को कृषि क्षेत्र में नवाचार, उद्यमिता और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एग्री-स्टार्टअप स्टेकहोल्डर्स कनेक्ट’ कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। विश्वविद्यालय के कृषि एवं सम्बद्ध विज्ञान संकाय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से यह आयोजन हैदराबाद स्थित मैनेज–सेंटर फॉर इनोवेशन एंड एग्रीप्रेन्योरशिप (मैनेज–सीआईए) के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि स्टार्टअप व्यवस्था में मौजूद कमियों और चुनौतियों की पहचान कर विभिन्न हितधारकों के बीच साझेदारी एवं सहयोग के अवसर विकसित करना है। इसके जरिए कृषि क्षेत्र से जुड़े स्टार्टअप, नीति निर्माता, शोधकर्ता, निवेशक और उद्योग प्रतिनिधि एक मंच पर आकर नवाचार तथा उद्यमिता की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
आयोजन में कृषि विकास प्रशासकों, नीति निर्माताओं, सरकारी अधिकारियों, इनक्यूबेशन एवं नवाचार केंद्रों, उद्यमियों, शोधकर्ताओं, शिक्षण संस्थानों, किसान उत्पादक संगठनों, कृषि व्यवसाय से जुड़ी कंपनियों, बैंकों, उद्यम पूंजी निवेशकों, स्टार्टअप सलाहकारों, विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं सहित करीब 300 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय का इनक्यूबेशन सेंटर (आईडीआईसी) और स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के विभिन्न विभाग कृषि क्षेत्र में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ स्टार्टअप तथा नई प्रौद्योगिकी के व्यवसायीकरण में भी सहयोग कर रहे हैं। इसी दिशा में यह आयोजन अनुसंधान, नवाचार और बाजार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास है।
कार्यक्रम में संवादात्मक कार्यशालाओं, ज्ञान-साझाकरण सत्रों और विभिन्न विषयों पर चर्चाओं के साथ प्रतिभागियों को आपसी संपर्क और सहयोग के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्नत कृषि प्रौद्योगिकियों, नए उत्पादों और अभिनव व्यावसायिक मॉडलों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
कार्यक्रम के संयोजक एवं कृषि एवं सम्बद्ध विज्ञान संकाय के डीन प्रो. आर.एस. नेगी के अनुसार यह पहल अनुसंधान संस्थानों, कृषि स्टार्टअप और निवेशकों के बीच संपर्क मजबूत करने के साथ कृषि व्यवसाय क्षेत्र में सतत विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में सहायक होगी।
कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल श्रीनगर गढ़वाल के अध्यक्ष एवं उप-महानिरीक्षक सुभाष चन्द्र नेगी तथा मैनेज हैदराबाद के निदेशक डॉ. सरपन राज के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा।
