क्षेत्रीय समाचार

गौचर पालिका अध्यक्ष सीट अनारक्षित होने से भाजपा कॉंग्रेस के दावेदारों ने शुरू किये चक्कर अपने आकाओं के

-गौचर से दिग्पाल गुसांईं-

जनपद चमोली की गौचर पालिका अध्यक्ष पद की सीट अनारक्षित होने से जिस प्रकार से भाजपा व कांग्रेस के दावेदारों ने जहां अपने अपने धड़ोंं को समेटना शुरू कर दिया है वहीं आकाओं के चक्कर काटने भी शुरू कर दिए हैं। इससे दोनों ही दलों में अभी से घमासान होने के प्रवल आसार नजर आने लगा है।

वर्ष 2016 में नगर पंचायत से नगर पालिका के रूप में उच्चीकृत हुई गौचर नगर पालिका में नगर पंचायत अध्यक्ष रहे मुकेश नेगी को पालिका के रूप में संवारने के लिए दो साल का अवसर प्राप्त हुआ था। इसके बाद 2018 में पालिका के रूप में पहले चुनाव के लिए अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित की गई थी। उस समय कांग्रेस की इंदू पंवार व भाजपा की अंजू बिष्ट के बीच मुख्य मुकाबला हुआ था।

इस चुनाव में हार जीत का फासला मात्र 31 वोटों का रहा था। तब इस चुनाव में भाजपा की अंजू बिष्ट विजयी रही थी। इस बार गौचर पालिका का दूसरा चुनाव होने जा रहा है। इस बार अध्यक्ष पद अनारक्षित होने से कांग्रेस व भाजपा में टिकट पाने के लिए लंबी कतारें लगी है। भले ही चुनाव की अधिसूचना जारी न हुई हो लेकिन दोनों दलों के दावेदारों ने जहां अपने धड़ों को समेटना शुरू कर दिया है वहीं आकाओं के चक्कर काटने भी शुरू कर दिए हैं।

कांग्रेस से इस बार पिछले चुनाव में मात्र 31 वोटों से पराजित रही इंदू पंवार के पति सुनील पंवार, सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य जगदीश कनवासी, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष संदीप नेगी, निवर्तमान बोर्ड में सभासद रहे अजय किशोर भंडारी, व्यवसायी पंकज भंडारी तथा भाजपा से निवर्तमान पालिका अध्यक्ष अंजू बिष्ट के पति जयकृत बिष्ट,गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी, सेवा निवृत्त वरिष्ठ अवर अभियंता महादेव बहुगुणा व मनीष चौहान आदि की प्रबल दावेदारी मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस के संदीप नेगी इस समय अपने दावेदारी पक्की करने लिए देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं। भाजपा के अनिल नेगी देहरादून से अपने आकाओं से मुलाकात कर लौट आए हैं। जयकृत बिष्ट भी अपनी दावेदारी पुख्ता करने के लिए जिले में डेरा डाले हुए हैं। अभी तक अन्य दलों के दावेदारों की दावेदारी सामने न आने से समझा जा रहा है कि इस बार भी मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के ही बीच होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!