आपदा/दुर्घटनाक्षेत्रीय समाचार

ओलावृष्टि से पोखरी के नैल गांव में फसलें तबाह, काश्तकारों ने मांगा मुआवजा

 


पोखरी, 15 मई (राणा)। विकासखंड पोखरी की ग्राम सभा नैल में बृहस्पतिवार शाम हुई तेज ओलावृष्टि ने काश्तकारों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक हुई ओलावृष्टि से गेहूं और जौ की तैयार फसलें पूरी तरह चौपट हो गईं, जबकि आलू, सेब, नाशपाती, कीवी, लहसुन, धनिया, प्याज तथा अन्य साग-सब्जियों की खेती को भी भारी नुकसान पहुंचा है। फसलों को हुए व्यापक नुकसान से क्षेत्र के किसान और सब्जी उत्पादक चिंतित हैं।

ग्रामीणों के अनुसार तेज ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी फसलों को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर फलदार पेड़ों से फल झड़ गए, जबकि सब्जियों की फसलें भी नष्ट हो गईं। किसानों का कहना है कि गेहूं और जौ की फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के चलते उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई।

काश्तकार एडवोकेट देवेंद्र सिंह राणा ने तहसीलदार पोखरी जिनेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर ग्राम सभा नैल में प्रशासनिक टीम भेजकर नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने प्रभावित किसानों की गेहूं, जौ, फल एवं सब्जियों की फसलों का शीघ्र आकलन कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!